News: West Jamshedpur


शुरू हुई 26वीं श्री रामार्चा पूजा, कल होगा महाप्रसाद का वितरण


20 November 2026 | जमशेदपुर

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की प्रमुख यजमानी में 26वीं श्री रामार्चा पूजा शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। पूजा में मुख्य यजमान सरयू राय अपने परिजनों के साथ बैठे हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित हैं।

श्री रामार्चा पूजा का आयोजन गौरीकांत जी की देखरेख में हो रहा है। पूजन कार्य पांच स्थानीय विद्वान पंडितों विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, घनश्याम मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा और नवीन पांडेय द्वारा संपन्न कराया जा रहा है।

पूजा के लिए बेदी का निर्माण पूरा कर लिया गया है। विधान के अनुसार पूजा चार आवरणों में संपन्न होगी। प्रथम आवरण में 39 से अधिक देवी-देवताओं की पूजा की जाएगी। द्वितीय आवरण में नवग्रह, मंत्री, शिव सहित प्रमुख देवताओं का पूजन होगा। तृतीय आवरण में भगवान श्रीराम के समस्त परिवार, हनुमान जी और राजा दशरथ की पूजा होगी। चतुर्थ आवरण में भगवान श्रीसीताराम की आराधना की जाएगी।

इसके बाद श्री रामार्चा पूजा के माहात्म्य का वर्णन होगा। पूजन के समापन पर हवन और आरती की जाएगी।

सरयू राय ने बताया कि बारिश के कारण 21 नवंबर को प्रसाद वितरण के स्थान में परिवर्तन किया गया है। अब प्रसाद वितरण बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वो मिलानी हॉल पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण करें।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #26th Shri Ramarcha Puja         #Lord Shri Ram         #Sita Ram #Mahaprasad Distribution         #Sanatan Dharma         #Religious Ceremony         #Bistupur #Milani Hall