News: West Jamshedpur


छठ घाट पर काला पानी, केले पर एथेफोन का खतरा, सरयू राय ने उपायुक्त को दी दो गंभीर सूचनाएं


13 November 2026 | जमशेदपुर

छठ घाट पर काला पानी, केले पर एथेफोन का खतरा

-कपाली नाले को बंद कराने और चांडिल डैम से पानी छोड़ने का आग्रह

लोक आस्था के महापर्व छठ की पवित्रता और छठव्रतियों की आस्था से जुड़ी दो गंभीर समस्याओं को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। एक ओर छठ घाटों तक पहुंच रहे काले और प्रदूषित पानी से व्रतियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है, तो दूसरी ओर छठ के बाजार में जल्दबाजी में केले पकाने के लिए एथेफोन रसायन के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। श्री राय ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को इन दोनों मामलों में तत्काल हस्तक्षेप करने और आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

श्री राय ने उपायुक्त को बताया कि वह गत गुरुवार को कुंअर बस्ती छठ घाट गए थे। वहां स्थानीय लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि नदी में ऊपर की ओर से काला पानी आ रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि कपाली की ओर से आने वाले नाले को खोलकर सीधे नदी में गिराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि छठ के दिन घाटों के सामने काला और प्रदूषित पानी रहेगा तो छठव्रतियों को भारी परेशानी होगी और उनकी धार्मिक आस्था भी प्रभावित होगी। इस समस्या के समाधान के लिए श्री राय ने उपायुक्त को दो सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि कपाली के नाले को तत्काल बंद कराया जाए और उसके पानी की दिशा बदली जाए, ताकि उसका गंदा पानी नदी में नहीं गिरे। इसके साथ ही चांडिल डैम से कुछ मात्रा में पानी छोड़ा जाए, जिससे नदी में जमा काला और प्रदूषित पानी बहकर आगे निकल सके तथा घाटों के आसपास पानी की स्थिति बेहतर हो।

विधायक के सुझाव पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि वह इस संबंध में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त से बातचीत करेंगे। कपाली के नाले का पानी नदी में गिरने से रोकने और चांडिल डैम से आवश्यक मात्रा में पानी छोड़ने के लिए समुचित पहल की जाएगी।

केले पकाने में एथेफोन का इस्तेमाल चिंता का विषय
श्री राय ने उपायुक्त के समक्ष दूसरा गंभीर मामला छठ के बाजार में फलों को जल्द पकाने के लिए एथेफोन रसायन के इस्तेमाल का उठाया। उन्होंने बताया कि उन्हें एक वीडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति केले के गोदाम में रखे हरे केलों पर एथेफोन का छिड़काव करता दिखाई दे रहा है। छिड़काव के बाद हरे केले पीले पड़ते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि छठ के अवसर पर केले की मांग बढ़ने के कारण उन्हें जल्द पकाने के लिए इस तरह के रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसकी जांच और निगरानी जरूरी है।

उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि फलों के गोदामों में एथेफोन के इस्तेमाल को लेकर तत्काल जागरूकता और निगरानी अभियान चलाया जाए। फल व्यापारियों को निर्धारित मानकों और अनुमत मात्रा का पालन करने की हिदायत दी जाए। उन्होंने कहा कि रसायनों का अनियंत्रित और निर्धारित मानकों से अधिक इस्तेमाल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसलिए आम लोगों को भी इस संबंध में जागरूक करना जरूरी है।

श्री राय ने कहा कि एथेफोन का इस्तेमाल कृषि में पौधों की वृद्धि और फलों को पकाने जैसी प्रक्रियाओं में किया जाता है, लेकिन इसका उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि छठ के बाजार में बिकने वाले फलों की गुणवत्ता और उन्हें पकाने में इस्तेमाल किए जा रहे रसायनों की जांच कराई जाए।

उपायुक्त ने विधायक को आश्वस्त किया कि एथेफोन के इस्तेमाल के संबंध में भी आवश्यक सूचना उचित माध्यमों से प्रसारित कराई जाएगी और लोगों को सावधान किया जाएगा।

श्री राय ने स्पष्ट किया कि छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व पर प्रशासन की जिम्मेदारी केवल घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था तक सीमित नहीं है। नदी के पानी की स्वच्छता और बाजार में बिकने वाले फल-सब्जियों की गुणवत्ता भी जनस्वास्थ्य और श्रद्धा से सीधे जुड़ी हुई है। इन दोनों मोर्चों पर समय रहते कार्रवाई जरूरी है।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #Chhath Ghat Black Water         #Ethephon Threat on Bananas         #Kapali Drain         #Chandil Dam         #Water Pollution         #Ethephon Chemical         #Fruit Safety         #Chhath Market