ख़बरें: पश्चिमी जमशेदपुर


तारापुर में कांवड़ियों की सेवा में जुटे विधायक सरयू राय


03 August 2026 |  Jamshedpur/Tarapur

बोल बम सेवा ट्रस्ट के शिविर में परोसा भोजन

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को बिहार के तारापुर स्थित बोल बम सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर द्वारा संचालित सेवा शिविर में पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा की। उन्होंने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन परोसा और शिविर में आयोजित रुद्राभिषेक में भी भाग लेकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

सोमवार सुबह से ही शिविर में कांवड़ियों की भारी आवाजाही रही। सेवा शिविर में तैनात स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। कांवड़ियों को चाय, शुद्ध पेयजल, नींबू पानी, नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया गया। सेवा कार्यों का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से होता रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

विधायक सरयू राय ने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सावन में कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा करना भगवान शिव की आराधना के समान है। उन्होंने स्वयंसेवकों के समर्पण और सेवा भावना की भी प्रशंसा की।

शिविर में पहुंचे अनेक कांवड़ियों ने बोल बम सेवा ट्रस्ट की व्यवस्थाओं और स्वयंसेवकों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा शिविर लंबी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #Bol Bam         #Bol Bam SevaTrust         #Kanwariya         #Kanwar Yatra         #Sawan 2026 #Har Har Mahadev         #Baba Dham