ख़बरें: पश्चिमी जमशेदपुर


एमजीएम से डिमना लेक तक बने ऊपरी पथ, दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक : सरयू राय


02 August 2026 | Jamshedpur

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले किसी उपयुक्त स्थान तक सड़क के ऊपर ऊपरी पथ (एलिवेटेड रोड/फ्लाईओवर) बनाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव तथा मुख्यमंत्री को लिखित निवेदन भेजा है।

यहां जारी बयान में सरयू राय ने कहा है कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा सेंक्चुरी क्षेत्र से होकर गुजरती है। सेंक्चुरी के नियमों के कारण इस सड़क का चौड़ीकरण कर पाना कठिन है। ऐसे में बढ़ते यातायात और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए फ्लाईओवर की तर्ज पर ऊपरी पथ का निर्माण ही सबसे व्यावहारिक समाधान होगा।

उन्होंने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। इसका निर्माण पथ निर्माण विभाग करेगा। डीपीआर में आवश्यक संशोधन तथा टाटा स्टील से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त होने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू होगा।

 हालांकि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क काफी संकरी है, जिसके कारण यह क्षेत्र दुर्घटना संभावित बन गया है।

सरयू राय ने सुझाव दिया है कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले किसी उपयुक्त स्थान तक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि डिमना लेक लगातार पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। ऐसे में इस मार्ग पर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिस प्रकार एनएच-33 पर ऊपरी पथ का निर्माण किया जा रहा है, उसी तर्ज पर यहां भी एलिवेटेड रोड बनाई जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को लेकर उनकी पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी बातचीत हुई है। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इस परियोजना में कोई विशेष तकनीकी अड़चन नहीं है और वन विभाग से अनुमति मिलने में भी कोई कठिनाई नहीं होगी।

सरयू राय का कहना है कि इस ऊपरी पथ के निर्माण से पटमदा, बोड़ाम और कटिंग क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों की यात्रा अधिक सुगम होगी। साथ ही जमशेदपुर के लोगों को दुर्घटनामुक्त और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा जमशेदपुर से पुरुलिया जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुचारु हो जाएगा।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #Dimna Lake         #MGM Medical College         #Elevated Road         #Flyover         #Patmada         #Dalma Sanctuary