मानगो पेयजल परियोजना की अद्यतन स्थिति सार्वजनिक करें उप नगर आयुक्तः सरयू राय
17 May 2026 | Jamshedpur
पेयजलापूर्ति पर भी स्थिति स्पष्ट करें
मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को लिखा पत्र
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र लिख कर मानगो पेयजल परियोजना की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताया है। उन्होंने मांग की कि मानगो नगर निगम के उपनगर आयुक्त के रूप में आप निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति एवं पेयजल परियोजना की अद्यतन स्थिति को सार्वजनिक करें ताकि परियोजना के परिचालन में त्रुटियों को दूर किया जा सके, जलापूर्ति को नियमित करने के लिए ठोस कदम उठाया जा सके।
सरयू राय ने पत्र में लिखा है कि नवंबर 2024 में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का पुनः विधायक निर्वाचित होने के तुरंत बाद उन्होंने मानगो नगर निगम, तत्कालीन उपायुक्त, नवग्रह विकास विभाग और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव, अभियंता प्रमुख से लेकर कार्यपालक अभियंता तक के साथ बैठकें की और परियोजना क्षेत्र का भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायज़ा लिया था।
श्री राय ने कहा कि परियोजना के सभी अंगों में विगत 5-6 वर्षों में काफी गिरावट आ गई है। इंटेकवेल से लेकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं पानी टंकियों की स्थिति तथा परियोजना का परिचालन एवं लाभार्थियों के घरों तक पेयजल की आपूर्ति की स्थिति अत्यंत असंतोषजनक है। इसे दुरुस्त करने के लिए उन्होंने सचिवालय स्तर से लेकर नगर निगम तक काफी प्रयास किया। फलस्वरूप इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पानी टंकियों के सुचारू संचालन के लिये विभिन्न क्षमता के मोटर पंप ख़रीदे गए।
पत्र में सरयू राय ने लिखा है कि इंटेकवेल में 6 से 8 फुट तक बालू भर गया है। यह मशीनों को भी प्रभावित कर रहा है। बालू निकालने के लिए उनके विधायक निधि से आवंटन का प्रस्ताव लागू हुआ। इंटेकवेल में आने वाले नदी जल में मानवजनित गंदगी नहीं आए, इसके लिये वेल के दोनों ओर दीवार खड़ा करने के लिए भी उन्होंने विधायक निधि से धन दिया। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सभी क्षेत्रों में समानुपातिक जलापूर्ति हो, इस पर भी सहमति बनी पर इसका प्रभावी क्रियान्वयन मानगो नगर निगम द्वारा नहीं किया गया। नतीजा है कि जलापूर्ति अनियमित है। बड़े इलाकों तक पेयजल नहीं पहुंच रहा है। बड़े भाग में 5-10 मिनट के लिए पानी आता है। अधिकांश इलाकों में रात के 12 बजे से 2 बजे के बीच पानी आता है। यह स्थिति चिंताजनक और हास्यास्पद है।
सरयू राय ने पत्र में लिखा है कि मानगो नगर निगम चुनाव के उपरांत चुने गए पदधारियों द्वारा अक्सर अख़बारों में इस बारे में तरह-तरह के बयान दिए जा रहे हैं। इसके मद्देनजर वह चाहते हैं कि मानगो नगर निगम का उपनगर आयुक्त के रूप में आप निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति एवं पेयजल परियोजना की अद्यतन स्थिति को सार्वजनिक करें ताकि परियोजना के परिचालन में त्रुटियों को दूर किया जा सके, जलापूर्ति को नियमित करने के लिए ठोस कदम उठाया जा सके।
#Saryu Roy #MLA West Jamshedpur #Mango Nagar Nigam #Water Supply #Drinking Water Crisis #Water Treatment Plant #Intake Well