सरयू राय और रेल यात्री संघर्ष समिति के लोग रेल महाप्रबंधक से बुधवार को मिलेंगे
26 May 2026 | Jamshedpur
चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम ने फोन पर विधायक को वार्ता का निमंत्रण दिया था
मुख्य मुद्दा ट्रेनों की लेटलतीफी का ही रहेगा
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने रेल यात्री संघर्ष समिति के संरक्षक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मिल कर वार्ता करने की इच्छा व्यक्त की है। सरयू राय और समिति ने यह तय किया है कि बुधवार को वह रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रमुख साथियों के साथ रेल महाप्रबंधक से मिलेंगे। श्री जैन बुधवार को टाटानगर आ रहे हैं।
सरयू राय ने बताया कि चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने उन्हें दोपहर में फोन किया और कहा कि महाप्रबंधक आपसे मिलना चाहते हैं। इस पर श्री राय ने उनसे कहा कि वह समिति के साथियों के साथ मिल कर शाम में तय करेंगे कि रेल महाप्रबंधक से मिलना है या नहीं। शाम में समिति के साथियों से बात करने के बाद यह तय हुआ कि रेल महाप्रबंधक से मिल कर बात की जाएगी।
सरयू राय ने बताया कि रेल यात्री संघर्ष समिति की एक ही मांग है-टाटानगर से ट्रेनें समय से खुलें और टाटानगर समय से पहुंचें। खास कर मेमू ट्रेनें और पैसेंजर ट्रेनें जिसमें कामकाजी लोग, विद्यार्थी, निजी क्षेत्रों में काम करने वाले लोग, व्यापारी वर्ग, औद्योगिक कर्मचारी, रेलवे में काम करने वाले लोग भी शामिल हैं। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण ये सभी प्रभावित होते हैं। हम लोग इनकी कठिनाई महाप्रबंधक के सामने रखेंगे और यह भी कहेंगे कि मालगाड़ी का रैक चलाकर जितना लाभ रेलवे कमा रहा है, उससे ज्यादा नुकसान सामान्य पैसेंजर को ट्रेन की देरी के कारण उठाना पड़ रहा है।
#Saryu Roy #MLA West Jamshedpur #South Eastern Railway #Anil Kumar Jain #Train Delay #Indian Railways #Tatanagar