News: West Jamshedpur


कथारा वाशरी का तटबंध टूटने पर सरयू राय सख्त, बोले-सीसीएल पर बोकारो प्रशासन करे कार्रवाई, एनजीटी में दायर हो मुकदमा


08 October 2026 | Bokaro/Kathara/Jamshedpur

सीसीएल की कथारा कोल वाशरी का तटबंध टूटने और दूषित पानी के दामोदर नदी में बहने की घटना पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। 

सरयू राय ने इस मामले में सीसीएल के खिलाफ बोकारो जिला प्रशासन से कार्रवाई करने, राष्ट्रीय हरित अधिकरण में मुकदमा दायर करने तथा बेरमो एसडीओ से आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।

सोशल मीडिया साइट एक्स पर सरयू राय ने कहा कि कथारा कोल वाशरी दामोदर नद के किनारे स्थित है और वाशरी का तटबंध टूटने के बाद वहां से दूषित बहिस्राव तेज बहाव के साथ सीधे दामोदर नद में गिर रहा है। इससे नदी का पानी काफी दूर तक प्रदूषित हो गया है और इसका प्रतिकूल प्रभाव मछलियों समेत अन्य जलीय जीवों पर पड़ रहा है।

सरयू राय ने कहा कि खेतको सहित आसपास के कई गांवों के लोग दामोदर नदी पर निर्भर हैं और नदी के प्रदूषित होने से ग्रामीणों के सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो गई है।

गौरतलब है कि नदी के पानी के प्रदूषण से स्थानीय लोगों के साथ-साथ जलीय पारिस्थितिकी पर भी असर पड़ने की आशंका है।

ज्ञात हो कि कथारा वाशरी से दामोदर नद के प्रदूषण का मुद्दा नया नहीं है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की एक रिपोर्ट में भी कथारा वाशरी के रिजेक्ट से दामोदर नदी के प्रदूषित होने का उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट में इस संबंध में सीसीएल की ओर से प्रदूषण रोकने के लिए कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई थी।

वर्तमान घटना को लेकर सरयू राय ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा है कि दामोदर नद में दूषित बहिस्राव का प्रवाह रोका जाना चाहिए और पूरे मामले की जिम्मेदारी तय करते हुए कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #Kathara Washery         #CCL         #Damodar River         #Bokaro         #Coal Washery         #River Pollution